रामनगर: नैनीताल के रामनगर क्षेत्र में बीते 1 मार्च को हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध 315 बोर के दो तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे के अनुसार, इस मामले में पीड़ित गुरमीत सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया था और लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही थी। पुलिस इससे पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जिनमें हाल ही में हितेश शर्मा को एक तमंचे के साथ पकड़ा गया था।
ताजा कार्रवाई में पुलिस ने प्रेम (निवासी ग्राम चोरपानी, रामनगर) को हाथीडगर मालधन चौड़ क्षेत्र से तथा कमल (निवासी टांडा वादली, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश) को पीरूमदारा स्थित चौधरी ढाबा के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से अवैध हथियार बरामद हुए।
गौरतलब है कि 1 मार्च को पीरूमदारा चौकी क्षेत्र के थारी-कांडला इलाके में हुई फायरिंग से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गांजा पकड़वाने की रंजिश को लेकर आरोपियों ने घर में घुसकर फायरिंग की थी।
इस मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले की जांच अभी जारी है।
