Udayprabhat
uttrakhand

देहरादून में लाखों की हेरोइन संग युवक गिरफ्तार, अवैध शराब सप्लाई करने वाले भी दबोचे गए

देहरादून: उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी क्रम में राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं रायवाला क्षेत्र में भी अवैध शराब तस्करी के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र में चल रही सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर धोरण पुल के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 112 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 34 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल चौधरी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद भी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए हेरोइन की तस्करी में शामिल हो गया था। वह सहारनपुर और बिजनौर से नशा लाकर देहरादून में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर लिया गया है।

इसी दौरान रायवाला पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान दो युवकों—शिवम और ईशु कश्यप उर्फ लड्डू—को अवैध रूप से शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी कार के माध्यम से शराब की सप्लाई कर रहे थे। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान के तहत इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। लगातार हो रही सख्ती से नशा तस्करों पर लगाम कसने में मदद मिल रही है और कई आरोपी पहले ही सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।

Leave a Comment