यूपी से निवासी यश ओझा 9 अप्रैल से था लापता, हादसा या आत्महत्या, कारण अब तक स्पष्ट नहीं
हरिद्वार: हरिद्वार से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां नौकरी के इंटरव्यू के लिए आए एक युवक का शव गंगनहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय यश ओझा के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, यश ओझा हरिद्वार में एक निजी कंपनी में इंटरव्यू देने आया था। उसने इस बारे में अपने परिजनों को भी सूचित किया था। बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल के बाद से उसका परिवार से संपर्क टूट गया था, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे।
मंगलवार को ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित रेगुलेटर पुल के पास गंगनहर में एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया। शुरुआती तौर पर शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
बाद में पुलिस जांच के दौरान पता चला कि कौशांबी से एक युवक लापता है, जिसका हुलिया मिले शव से मेल खाता है। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। हरिद्वार पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान यश ओझा के रूप में की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा था या आत्महत्या। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
