Udayprabhat
uttrakhand

देहरादून में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सचिवालय कूच के दौरान पुलिस से झड़प, हिरासत में कई नेता

देहरादून: उत्तराखंड में कथित भूमि घोटालों, भू-माफियाओं के बढ़ते प्रभाव और सरकार की नीतियों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने देहरादून में सचिवालय कूच किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ता पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए सचिवालय की ओर बढ़े। सुभाष रोड पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

पुलिस की रोक-टोक से नाराज कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर सरकार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई।

हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रदेशभर में सरकारी, वन और ग्राम समाज की भूमि पर हुए अवैध कब्जों की निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाए। पार्टी का आरोप है कि भू-माफियाओं को संरक्षण मिलने के कारण भूमि विवाद लगातार बढ़ रहे हैं।

सरकार भू माफियाओं को संरक्षण दे रही है. सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई नहीं की जा रही है. आम जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है. राज्य में भू माफियाओं का नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा है. जबकि, सरकार प्रभावी कार्रवाई करने की बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है.“- गणेश गोदियाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंंड

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने भूमि कब्जों, भू-माफियाओं और अन्य जनहित के मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भूमि विवादों को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।

Leave a Comment