मोहब्बेवाला में बड़ा हादसा, अनियंत्रित ट्रक ने मचाई तबाही
देहरादून: कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के मोहब्बेवाला चौक पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आशारोड़ी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा सीमेंट से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और जाम में खड़ी गाड़ियों को रौंदता हुआ सीधे सड़क किनारे स्थित दुकानों में घुसकर पलट गया। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
एक के बाद एक पांच गाड़ियों को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोहब्बेवाला के पास एक ट्रक पीछे की ओर आ रहा था, जिससे वहां वाहनों की लाइन लगी हुई थी। उसी दौरान तेज रफ्तार सीमेंट ट्रक ने पहले तीन कारों, एक अन्य ट्रक और एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी। वाहनों को बुरी तरह क्षति पहुंची और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर के बाद सीमेंट ट्रक दुकानों में घुस गया और पलट गया। हादसे के बाद ट्रक की डीजल टंकी फटने से डीजल सड़क पर फैल गया, जिसके चलते आग लगने की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड को भी तुरंत बुलाया गया।
घायल हुए लोगों को बाहर निकालकर पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय लोग और पुलिस की मदद से कारों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। कोतवाली पटेलनगर पुलिस और सीपीयू टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
कोतवाली पटेलनगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि सीमेंट ट्रक चालक की हालत गंभीर है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अन्य वाहन सवारों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ट्रक अचानक अनियंत्रित कैसे हो गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है।
