आरोपित ने पत्नी को बताया ममेरी बहन, नेहरू कालोनी पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई.
देहरादून: एक युवती को झूठ बोलकर शादी के बंधन में बांधने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक शादीशुदा व्यक्ति ने खुद को अविवाहित बताकर धर्मपुर निवासी युवती से विवाह किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी पहली पत्नी को युवती के सामने ममेरी बहन बताकर धोखा दिया।
पीड़िता ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी रविंद्र सिंह रावत ने खुद को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में असिस्टेंट प्रोविडेंट फंड कमिश्नर बताकर भरोसा जीता। उसने सगाई से लेकर शादी तक हर कदम पर झूठ बोला और बहाने बनाए। शिकायत के अनुसार, रविंद्र ने न केवल नकली माता-पिता से बातचीत करवाई बल्कि शादी के दिन भी अपने परिवार से किसी को नहीं बुलाया। पहले सगाई में बहाना बनाया कि दादी का निधन हो गया है, फिर शादी के दिन कहा कि माता-पिता ने उसे बेदखल कर दिया है।
शादी की तिथियों को कई बार टाला गया और अंततः 12 मई को रेसकोर्स स्थित मंदिर में शादी कर ली गई, जिसमें उसकी ओर से कोई रिश्तेदार मौजूद नहीं था। इसके बाद युवती के परिजनों को शक हुआ और जांच करने पर सच्चाई सामने आई — रविंद्र पहले से शादीशुदा था और जिसे वह ममेरी बहन बता रहा था, वह उसकी पत्नी निकली।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि आरोपी रविंद्र सिंह रावत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
