Udayprabhat
uttrakhand

चारधाम यात्रा से पहले एसपी ने सीएपीएफ कैंप का किया निरीक्षण, जवानों की सुविधाओं का लिया जायजा

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा–2026 के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और आगामी पीक सीजन को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ मिलकर व्यापक तैयारियां कर रही है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने मनेरी क्षेत्र स्थित पायलेट बाबा आश्रम में बनाए गए सीएपीएफ कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईटीबीपी के जवानों के ठहरने, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने आवास, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जवानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।

एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों में ड्यूटी करने वाले केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

इस दौरान उन्होंने जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया और उन्हें बेहतर समन्वय के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक दीपक नौटियाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल सिंह सहित आईटीबीपी के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

Leave a Comment