Udayprabhat
uttrakhand

श्रीनगर गढ़वाल: सीएम धामी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेला और विकास प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

श्रीनगर गढ़वाल: भगवान कमलेश्वर महादेव की नगरी श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मेले की संरक्षक जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया, नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी और नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।

कार्यक्रम की शुरुआत जीजीआईसी श्रीनगर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शिव वंदना और छोलिया नृत्य से हुई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के लिए सरकार ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी को सभी आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए ताकि परीक्षण के बाद आगे की कार्यवाही की जा सके।

मेले के साथ ही कमलेश्वर महादेव मंदिर में पारंपरिक खड़ा दीया अनुष्ठान की शुरुआत होगी, जिसमें संतान प्राप्ति की इच्छा रखने वाले नि:संतान दंपत्ति श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना करेंगे। यह अनुष्ठान धार्मिक आस्था और लोक परंपरा का अद्भुत संगम माना जाता है। मेले का आयोजन 4 से 10 नवंबर 2025 तक किया जा रहा है, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और विकास योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी।

Leave a Comment