Udayprabhat
uttrakhand

राज्य स्थापना 25वीं वर्षगांठ: पुलिस कर्मियों के लिए रजत जयंती पदक और कल्याण घोषणाएं: सीएम धामी

पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री धामी की चार बड़ी घोषणाएं, रजत जयंती पदक और 100 करोड़ की कल्याण योजनाओं का ऐलान.

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस समारोह में चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की। कार्यक्रम में राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर पुलिस के सभी कार्मिकों को विशेष रजत जयंती पदक से सम्मानित करने की घोषणा की गई।

पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिन 1959 में लद्दाख की बर्फीली पहाड़ियों में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 सीआरपीएफ जवानों की याद में समर्पित है। मुख्यमंत्री धामी ने समारोह में कहा कि राज्य की सीमाएं न केवल अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ी हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से भी जुड़ी होने के कारण उत्तराखंड भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे में राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिसकर्मियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में हमारे पुलिसकर्मियों की भूमिका अहम 

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पुलिस कर्मचारियों के आवासीय भवन निर्माण के लिए अगले तीन वर्षों में 100 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही एसडीआरएफ के जवानों के लिए पांच नए बैरिकों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस कल्याण नीति के तहत पुलिसकर्मियों को ढाई करोड़ से साढ़े चार करोड़ रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में इस वर्ष विभिन्न ड्यूटी पर बलिदान हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य की पुलिस व्यवस्था उसकी सुरक्षा और समृद्धि की रीढ़ होती है, और पुलिसकर्मियों की मेहनत और समर्पण राज्य की शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment