Udayprabhat
uttrakhand

ऋषिकेश में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, फायरिंग में दो आरोपी घायल, हथियार बरामद

ऋषिकेश: देहरादून पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने बैरियर तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी कुछ दिन पहले ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे। आरोप है कि उन्होंने दो लोगों पर गोली चलाकर उन्हें घायल किया था, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

घायल आरोपियों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Comment