Udayprabhat
uttrakhandक्राइमदेहरादून

देहरादून मर्डर केस में बड़ी कार्रवाई: मच्छी बाजार हत्या का आरोपी गिरफ्तार, SSP ने चौकी प्रभारी को किया सस्पेंड

देहरादून:  राजधानी के मच्छी बाजार में दिनदहाड़े युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद कानून-व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने लापरवाही के आरोप में खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रद्युमन नेगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

एसएसपी ने मामले की प्राथमिक जांच सीओ सिटी को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट में चौकी स्तर पर गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 तीन साल से परेशान कर रहा था आरोपी

परिजनों के मुताबिक मृतका गुंजन और आरोपी आकाश की पहचान करीब तीन साल पुरानी थी। आरोपी शादीशुदा था और कथित तौर पर युवती का पीछा करता था तथा उसे धमकियां देता था। परिजनों का आरोप है कि इस संबंध में चौकी में शिकायत भी दी गई थी, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।

आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने घरेलू विवाद और गुस्से में वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है।

एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह मामला सिस्टम की जवाबदेही और महिला सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।

Leave a Comment