Udayprabhat
uttrakhand

IAS प्रतीक जैन ने संभाला GMVN MD का चार्ज, कहा- चारधाम से पहले सुविधाएं और किराए होंगे अपडेट

साल 2018 बैच के IAS अधिकारी प्रतीक जैन ने गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक के पद का चार्ज संभाल लिया है.

देहरादून: चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) को नया नेतृत्व मिल गया है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी प्रतीक जैन ने गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के प्रबंध निदेशक का पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही उन्होंने संकेत दिए कि यात्रा सीजन से पहले निगम की व्यवस्थाओं, किराया संरचना और सेवा गुणवत्ता में व्यापक सुधार किए जाएंगे।

शीतकालीन यात्रा के दौरान जीएमवीएन के गेस्ट हाउस, टूरिस्ट रेस्ट हाउस और ट्रांजिट कैंपों के किराए में 50 प्रतिशत तक की कटौती की गई थी। अब चारधाम यात्रा से पहले दरों को बाजार परिस्थितियों और बढ़ती संचालन लागत के अनुरूप संशोधित करने की तैयारी है। निगम का मानना है कि संतुलित दर निर्धारण से राजस्व में वृद्धि के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

एमडी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित परिसंपत्तियों की समीक्षा की। यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ रूट पर स्थित विश्राम गृहों की मरम्मत, पेंटिंग, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन का कार्य प्राथमिकता पर कराया जाएगा। साथ ही ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम को सुदृढ़ करने, डिजिटल ट्रैकिंग और शिकायत निवारण तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने की योजना भी तैयार की गई है।

निगम इस बार सेवा गुणवत्ता सुधार और ब्रांड वैल्यू बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रहा है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रबंधन व्यवस्था को अधिक पेशेवर और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

16 मार्च से योग महोत्सव

पर्यटन को नया आयाम देने के उद्देश्य से 16 मार्च से एक सप्ताह का योग महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन में देश-विदेश से योग साधक और प्रशिक्षक भाग लेंगे। योग सत्र, ध्यान कार्यशालाएं, आयुर्वेद विषयक व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रम इसमें शामिल होंगे। राज्य पहले ही योग और आध्यात्मिक पर्यटन के लिए वैश्विक पहचान रखता है। ऐसे आयोजनों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

एमडी प्रतीक जैन ने स्पष्ट किया है कि जीएमवीएन को वित्तीय रूप से मजबूत और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए दर पुनरीक्षण, आधुनिक मार्केटिंग रणनीति और इवेंट आधारित पर्यटन को प्राथमिकता दी जाएगी।
चारधाम यात्रा से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और योग महोत्सव जैसे आयोजनों से संकेत मिलते हैं कि इस बार पर्यटन सीजन को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाने की कोशिश की जा रही है। अब यह देखना होगा कि नई रणनीतियां धरातल पर कितनी कारगर साबित होती हैं।

Leave a Comment