कुछ ही समय में हटाए गए रुद्रप्रयाग डीएम प्रतीक जैन, कई अफसरों की जिम्मेदारियों में भी किया गया फेरबदल
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल कर दिया है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) तथा सचिवालय सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव किया गया है। इस तबादला सूची में 6 आईएएस और 4 पीसीएस अधिकारियों सहित कई सचिवालय सेवा अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।
रुद्रप्रयाग डीएम प्रतीक जैन हटाए गए: सूची में सबसे खास नाम प्रतीक जैन का रहा है, जो कि रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी हाल ही में बनाए गए थे, लेकिन कुछ ही समय में उन्हें इस पद से हटाया गया है. खास बात ये है कि पिछले दिनों जिलाधिकारी के रूप में वो एक धार्मिक विवाद को लेकर काफी चर्चा में रहे।

वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी Vishal Mishra को रुद्रप्रयाग का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वे अपनी नवाचारी कार्यशैली और विकासपरक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। इससे पूर्व वे जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक, जल जीवन मिशन के मिशन निदेशक तथा नमामि गंगे परियोजना से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व संभाल चुके हैं।

वहीं, पूर्व जिलाधिकारी प्रतीक जैन को रुद्रप्रयाग से हटाते हुए गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) का प्रबंध निदेशक तथा जल जीवन मिशन का मिशन निदेशक नियुक्त किया गया है। हाल के दिनों में वे एक धार्मिक विवाद को लेकर भी चर्चा में रहे थे।
तबादला सूची के अनुसार आईएएस अधिकारी संजय कुमार से निदेशक सेवायोजन का प्रभार वापस ले लिया गया है। वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी सौरभ गहरवार को अपर सचिव उद्योग और राजकीय मुद्रणालय के निदेशक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। इसी बैच के नरेंद्र सिंह भंडारी को अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद के साथ निदेशक सेवायोजन की जिम्मेदारी दी गई है।
वर्ष 2017 बैच के आईएएस विनोद गिरि गोस्वामी को अपर सचिव आवास के साथ भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

पीसीएस अधिकारियों में गिरधारी सिंह रावत को अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण के साथ निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण और उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद का दायित्व दिया गया है। कमलेश मेहता को टिहरी गढ़वाल में डिप्टी कलेक्टर के पद पर तैनात किया गया है, जबकि अब्ज प्रसाद वाजपेयी को सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी बनाया गया है।

सचिवालय सेवा के अधिकारियों में सुरेश जोशी को अपर सचिव जनगणना तथा कविंद्र सिंह को अपर सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग का अतिरिक्त दायित्व मिला है। त्रिलोक सिंह मार्तोलिया को किच्छा शुगर मिल का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि विशाल मिश्रा ने एचबीटीआई कानपुर से इंजीनियरिंग तथा आईआईटी कानपुर से जल संसाधन इंजीनियरिंग में एमटेक की उपाधि प्राप्त की है। वे पूर्व में अल्मोड़ा और उधम सिंह नगर में भी महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और कोसी नदी परियोजना में उनके कार्यों की सराहना की गई थी।
