Udayprabhat
accidentuttrakhand

पिरान कलियर में भीषण सड़क हादसा, युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर घायल

रुड़की: हरिद्वार जिला के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में कांवड़ पटरी मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कांवड़ पटरी पर एक स्कूटी और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में प्रशांत शुक्ला निवासी सिद्धार्थ एनक्लेव, रामनगर रुड़की तथा गुलशन पुत्र देशराज निवासी पूरनपुर, राजपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कलियर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद प्रशांत शुक्ला की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रुड़की के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दूसरे घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है।

Leave a Comment