देहरादून: यू.सी.एफ. सभागार में युवा आह्वान के तत्वावधान में आयोजित छठवीं उत्तराखंड युवा विधानसभा के तीसरे दिन सतत विकास, बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। परिसीमन में जनसंख्या अथवा भौगोलिक क्षेत्र को आधार बनाने को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच विस्तृत बहस हुई। युवा विधायकों ने कहा कि उत्तराखंड की पर्वतीय और मैदानी विविधता को ध्यान में रखते हुए संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
प्रश्नकाल के दौरान प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को मजबूती से सदन में उठाया। सुबह के सत्र में मुख्य अतिथि राज्य पिछड़ा आयोग अध्यक्ष संजय नेगी ने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और नीति निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने युवाओं की तार्किक क्षमता की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हिल डेवलपमेंट मिशन के अध्यक्ष रघुवीर बिष्ट ने की। समापन समारोह में महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल सहित अन्य अतिथियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उत्कृष्ट विधायक के रूप में अभिनव बंसल, उत्कृष्ट पक्ष विधायक शगुन चौहान, उत्कृष्ट विपक्ष विधायक हिमांशु मेहता, उत्कृष्ट मंत्री दिवाकर गोदियाल तथा उत्कृष्ट महिला विधायक आयुषी खंडुरी को सम्मानित किया गया। अंत में अभिषेक पंत को बेस्ट स्पीकर घोषित किया गया।
