Udayprabhat
uttrakhand

रुद्रपुर में नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ दो युवक गिरफ्तार

रुद्रपुर: उत्तराखंड को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” बनाने के अभियान के तहत पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक किच्छा प्रकाश सिंह दानू और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रभारी राजेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 8 मार्च की देर रात डीडी चौक के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की।

चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार से भारी मात्रा में नशीली दवा बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसकी पहचान मोहम्मद शाहबाज (21) पुत्र लईक अहमद, निवासी वार्ड नंबर-19, सिरोली कला, थाना पुलभट्टा, जिला उधम सिंह नगर के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 डिब्बों में रखे कुल 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल, एक कार, मोबाइल फोन और 51 हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर कोतवाली किच्छा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह कैप्सूल अपने बड़े भाई रईस अहमद के कहने पर घर से लेकर आया था। उसने यह भी बताया कि रईस अहमद यह नशीली दवा बरेली से लाया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और अन्य संभावित तस्करों की तलाश की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

स्मैक तस्कर भी गिरफ्तार

उधर, उधम सिंह नगर जिले में पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में स्मैक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की स्मैक, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Comment