Udayprabhat
accidentuttrakhand

केदारनाथ यात्रा में दर्दनाक हादसा: भूस्खलन की चपेट में आया वाहन, दो की मौत, चार घायल

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ की तीर्थयात्रा पर जा रहा एक वाहन शुक्रवार शाम करीब 5:45 बजे रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर काकड़ागाड़ के पास पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आ गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, वाहन टिहरी जिले के लंबगांव निवासी चालक राजेश रावत (38) चला रहे थे। भारी पत्थरों के गिरने से वाहन का अगला हिस्सा और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में राजेश रावत की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही छत्तीसगढ़ निवासी एक यात्री शैलेश कुमार (24) पुत्र मोहन लाल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना में चार यात्री घायल हुए हैं जिन्हें एसडीआरएफ और पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सभी यात्री छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जिन्होंने केदारनाथ यात्रा के लिए वाहन बुक किया था।

थाना प्रभारी राजीव चौहान ने बताया कि वाहन पर अचानक गिरे पत्थरों ने चालक के सिर और छाती पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

Leave a Comment